गांव खानपुर के पवन की हत्या की गुत्थी फिलहाल सुलझ नहीं पाई है। दोपहर को गांव में पवन का दाह संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद तीन गांवों की 11 सदस्यीय कमेटी सदर थाना प्रभारी नरसिंह से मिली और उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने पवन का दाह संस्कार किया।
एसएचओ नरसिंह ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एएसपी असीम विक्रम और एसएचओ ने गांव में जाकर मौके का मुआयना किया और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि पांच फरवरी की सायं पवन परिवार के साथ घर में बैठा था।
उसके फोन की घंटी बजी और वह जल्दी आने को कह कर चला गया। देर रात तक वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने फोन मिलाया जो बंद मिला। अगले पूरे दिन परिजनों ने अपने स्तर पर पवन की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
आखिर में ग्रामीणों ने इसकी सूचना सदर पुलिस को दी। सदर पुलिस ने पवन के पिता सैंसी के बयान पर गुम होने का मामला दर्ज किया। सोमवार को चारा लेने गए किसान ने पवन का शव गेहूं के खेत में पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। गांव और आसपास में पवन के मर्डर को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं बनी हुई है।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को तुरंत सुराग लगाकर आरोपियों को काबू करने की मांग की। कुछ लोगों की राय थी कि आरोपियों की शिनाख्त होने तक दाह संस्कार नहीं किया जाए, लेकिन पुलिस के आश्वासन पर दाह संस्कार कर दिया गया। अब पुलिस पवन को आई अंतिम काल की डिटेल निकलवाकर कर हत्यारों तक पहुंचने में कामयाब हो सकती है।
पुलिस जल्दी की कॉल डिटेल निकालेगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल पुलिस गांव के दो युवकों से पूछताछ कर रही है लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। सदर थाना प्रभारी नरसिंह के अनुसार पवन फोन सुनकर घर से गया था रात को फोन बंद हो गया। कॉल डिटेल निकलवा कर मामले की जांच करेगी।