हरियाणा के जींद में रविवार शाम को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के जन मिलन समारोह में काफी संख्या में लोग जुटे। इस भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने कई लोगों की जेब तराशते हुए पर्स, मोबाइल फोन समेत दूसरा सामान चोरी कर लिया। शहर थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यहां बता दें कि पीछे भी आयोजित हुई कई रैलियों में लोगों की जेब कट चुकी है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कंडेला निवासी जयपाल ने बताय कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। रविवार शाम को जींद के एसडी स्कूल में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा जन मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें वह शामिल होने के लिए चला गया था।
कार्यक्रम में भीड़ के बीच किसी ने उसकी जेब से पर्स और मोबाइल फोन को चोरी कर लिया। उनके अलावा कई अन्य लोगों के भी पर्स और रुपये चोरी हुए हैं। कुल मिलाकर एक लाख रुपए के करीब राशि के अलग-अलग लोगों के जेब से पैसे और मोबाइल तथा दूसरे दस्तावेज चोरी हुए हैं। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हर रैली में सक्रिय रहते हैं जेब तराशने वाले
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की रैली से पहले भी कई रैलियों में लोगों की जेब कट चुकी हैं। जुलाना में हुई डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की रैली में भी कई लोगों के पर्स और मोबाइल फोन चोरी हुए थे तो वहीं करीब तीन माह पहले पिल्लूखेड़ा में आयोजित पूर्व विधायक जसबीर देशवाल की रैली में भी 8 लोगों के रुपये और दूसरे दस्तावेज चोरी हो गए थे। रैली के आयोजन से पहले ही चोर सक्रिय हो जाते हैं और मौके पर भीड़ का फायदा उठाते हुए जेब तराश देते हैं।