गांव काब्रछा में बुधवार देर रात कार सवार तीन बदमाशों ने शराब के ठेके पर फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली ठेके के शटर में जा लगी और ठेके के करींदे को आगे से शराब बेचते पाए जाने पर गोली मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गोली चलने की सूचना पाकर उचाना थाना प्रभारी सोमबीर ढाका मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में नाकाबंदी करके गोली चलाने वाले बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव काब्रछा के देशी शराब के ठेके पर बुधवार रात को करींदा रमेश बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव डूमरखां की तरफ से कार सवार तीन युवक आए और आते ही ठेके पर बैठे करींदे की तरफ फायर कर दिया, लेकिन निशाना चुक जाने के चलते गोली ठेके के शटर में जा लगी। बाद में कार सवार युवक करींदे रमेश को धमकी दी कि अगर भविष्य में यहां पर शराब बेचते हुए पकड़ा गया तो गोली मार दी जाएगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इस दौरान युवक कार में सवार होकर गांव काब्रछा की तरफ ही फरार हो गए। गोली की सूचना पाकर उचाना थाना प्रभारी सोमबीर ढाका पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस शराब ठेके के करींदे के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी।