गांव लजवाना कलां के पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि हत्याकांड के दो आरोपी फरार चल रहे हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की चार टीम संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है।
गांव ढ़िगाना निवासी सत्यवान ने 24 जनवरी को जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अभिमन्यु उर्फ मोनू (26) लजवाना कलां के एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का कार्य करता था। कुछ दिन पहले उसके भतीजे अभिमन्यु की गांव के ही विकास, अंकित और नवीन के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, लेकिन मामला उस समय निपट गया था। बुधवार रात को वह अपने सहयोगी सेल्समैन गांव सालवन निवासी सोनू के साथ पेट्रोल पंप के कमरे में चारपाई पर लेटे थे। इसी दौरान गांव ढिगाना निवासी विकास, अंकित और नवीन बाइक पर तेजधार हथियार व पिस्तौल लेकर वहां पर पहुंचे और चारपाई पर लेटे अभिमन्यु पर तेजधार हथियारों से वार करना शुरू कर दिया।
इस दौरान उसके साथ मौजूद सहयोगी सोनू ने बीच बचाव करने का प्रयास किया तो पिस्तौल लिए युवक ने उस पर तान दी और गोली मारने की धमकी देकर उसके काबू कर लिया। इसके बाद अभिमन्यु ने भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसके ऊपर तेजधार हथियारों से हमला जारी रखा। जब अभिमन्यु की इसमें मौत हो गई तो आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में तीनों के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए चार टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार चल रहे दो आरोपी का फिलहाल सुराग नहीं लगा। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
लजवाना कलां गांव में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन अभिमन्यु की हत्या के मामले में आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया। जबकि फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए चार टीम लगाई गई है। -रोहताश सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।