भारतीय दूरसंचार विनयामक प्राधिकरण की उपभोक्ता वकालत समूह के हरियाणा तकनीकी संघ ने रिलायंस जियो को नोटिस जारी कर प्रदेशभर मेें आ रही उपभोक्ताओं की समस्या के जल्द समाधान के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब हो कि जियो के मैदान में आते ही टेलीकॉम सेक्टर में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। रिलायंस डिजिटल शोरूम में लोग सिम खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन उन्हें सिम नहीं मिलने के कारण निराश लौटना पड़ रहा है। सिम लेने के लिए एक सप्ताह से रिलायंस शोरूम के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। प्रदेश में जो लोग पहले ही सिम की बुकिंग करा चुके हैं उन्हें भी नहीं मिल रहे हैं। इसके साथ ही जिन लोगों को सिम मिल चुके हैं, उनके एक्टिवेट होने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
इस तरह के कई मामले सामने आए हैं, जिसमे किसी का सिम रद्द हो जा रहा है, तो किसी का अन्य कारणों से एक्टिवेट नहीं हो पा रहा है। हरियाणा तकनीकी संघ के संस्थापक हितेश हिंदुस्तानी ने कहा कि प्रदेशभर के उपभोक्ताओं की आ रही शिकायतें के समाधान के लिए जियो को नोटिस दिया गया है। यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं होगा तो इस बारे में भारतीय दूरसंचार विनयामक प्राधिकरण (ट्राई) को अवगत करवाया जाएगा।
जल्द मिलेगी समस्याओं से निजात
रिलायंस जियो हरियाणा के डिप्टी जनरल मैनेजर राजीव मेहता ने कहा कि उपभोक्ताओं को सिम जल्दी शरू करने के लिए कंपनी ऑटोमेशन पर काम रही है, जिसके तहत पेपर लेस एक्टिवेशन की सुविधा को हिसार, रोहतक, अंबाला में शरू किया गया है और जल्द ही पूरे हरियाणा में शुरू हो जाएगी।
उपभोक्ताओं को कोई भी डॉक्यूमेंट या फोटो जियो ऑफिस में जमा करवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उपभोक्ता केवल अपना आधार नंबर बताए और फिंगरप्रिंट लगाए और जियो सिम बीस से तीस मिनट में एक्टिवेट हो जाएगी। अगले दस से पंद्रह दिन में सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।