रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर नौ लाख रुपये की राशि हड़पने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गांव मुंडला निवासी मनजीत ने 20 जून 2015 को एसएसपी को दी शिकायत में बताया था कि जींद के आश्रम बस्ती निवासी कृष्ण, नगूरां निवासी मनीष के साथ उसकी जान-पहचान थी। उक्त दोनों व्यक्तियों ने रेलवे में उच्च अधिकारियों से अपने अच्छे संबंधों को बताते हुए उनका संपर्क कोलकाता निवासी देवेंद्र गुप्ता और अभिषेक के साथ करवाया।
उक्त लोगों ने उसे तथा उसके दोस्त रोहतक जिले के गांव समैन निवासी रोहताश से उनके बच्चों को रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और इसके बदले में उनसे नौ लाख रुपये की मांग की। मनजीत ने बताया कि वह झांसे में आ गया और उन्होंने अक्टूबर 2011 में नौ लाख रुपये की राशि उक्त लोगों को दे दी।
राशि लेने के बाद यह लोग उन्हें गुमराह करते रहे। जब भी वह उनसे नौकरी लगवाने के बारे में पूछते तो वह उन्हें झूठा आश्वासन दे देते। जब उन्होंने दबाव बनाकर रुपये वापस देने की मांग की तो आरोपियों ने रुपये वापस करने से मना कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आश्रम बस्ती निवासी कृष्ण, असंध निवासी मनीष, कोलकाता निवासी देवेंद्र गुप्ता, अभिषेक उर्फ मनोज के खिलाफ धोखाधड़ी करने, फर्जी कागजात तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी देवेंद्र गुप्ता, अभिषेक उर्फ मनोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।