गांव शामदो मेें शराब के ठेके पर बैठे व्यक्ति को मंगलवार देर शाम को बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गोली मारने के बाद युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव शामदो निवासी राजेश मंगलवार शाम को देशी शराब के ठेके पर बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक आए और आते ही उस पर गोली दाग दी। राजेश को इस दौरान दो गोली लगी। गोली चलते ही मौके पर दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोगों को आते देख बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना पर डीएसपी परमजीत समोता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी करके गोली मारने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी।
डीएसपी परमजीत समोता ने बताया कि गोली लगने से घायल व्यक्ति गांव के पूर्व सरपंच का भाई है। बाइक सवार तीन युवकों ने गोली मारी है। गोली मारने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घायल के पीजीआई रोहतक में बयान दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद ही गोली मारने के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।