अस्पताल के अंदर निरीक्षण करते हुए पुलिस।
- फोटो : jind
शहर के गोहाना रोड पर स्थित बच्चों के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार शाम को एक दंपति ने डाक्टर व नर्स की पिटाई कर दी। दंपति ने अस्पताल के अंदर लगे शीशे भी तोड़ दिए। दंपति का आरोप है कि लगभग एक माह पहले उनके आठ माह के बच्चे की अस्पताल की लापरवाही के चलते मौत हुई है। वहीं, अस्पताल के कर्मचारियों का कहना है कि बच्चे की मौत लगभग एक माह पहले हिसार के निजी अस्पताल में हुई और उनको जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। दंपति के हंगामे को देखते हुए सिविल लाइन चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह मौके पर पहुंचे और मामले को शांत किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गोहाना रोड स्थित बच्चों के अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सोनल सिंघल अस्पताल में खड़े थे। इसी दौरान उनके अस्पताल के बाहर से अर्बन इस्टेट निवासी अशोक व उसकी पत्नी पूनम वहां से निकल रहे थे। डाक्टर को देखते ही वे अंदर घुस गए और उसकी पिटाई कर दी। वहां मौजूद नर्स पूजा ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ मारपीट की। इस दौरान अस्पताल के शीशे भी टूट गए। इसी दौरान डॉ. सोनल सिंघल किसी तरीके से वहां से निकलकर चले गए।
अस्पताल की नर्स पूजा ने बताया कि दंपति अशोक व उसकी पत्नी पूनम लगभग एक माह पहले आठ माह के बच्चे को इलाज के लिए लेकर आते थे, लेकिन चिकित्सक ने कहा था कि बच्चे को दाखिल कराना होगा। दंपति ने बच्चे को दाखिल नहीं कराया और हर रोज दवाई लेकर वापस ले जाते। इस बीच बच्चे की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद डाक्टर ने उसे हिसार रेफर कर दिया। दंपति बच्चे को हिसार ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके बाद से दंपति उन पर आरोप लगा रहे हैं। इस बारे में चिकित्सक सोनल सिंघल से संपर्क किया तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
सिविल लाइन चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बयान दर्ज करने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।