सोशल ट्रेड कंपनी के डायरेक्टर अनुभव मित्तल पर निवेश के नाम पर तीन लाख 45 हजार रुपये हड़पने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अर्बन एस्टेट निवासी योगेश सहरावत ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी कि सोशल ट्रेड कंपनी ने हमसे घर बैठे रोजगार स्कीम के तहत खाते खुलवाए थे। कंपनी ने दावा किया कि अगर वह 57500 रुपये उनकी कंपनी में निवेश करते हैं तो प्रतिदिन एक क्लिक के पांच रुपये दिए जाएंगे। इस पर वह उसके झांसे में आया गया और उसने कंपनी के छह खाते खुलवाए और उसने कंपनी में तीन लाख 45 हजार रुपये निवेश कर दिए।
इस दौरान कंपनी द्वारा क्लिक के दिए हुए काम को भी उसने पूरा कर दिया, लेकिन कंपनी के वादे के अनुसार उसके खाते में पैसे नहीं आए। इसके बाद उसने कंपनी के डायरेक्टर अनुभव मित्तल से मिलने के लिए नोयडा कार्यालय में गया। वहां अनुभव मित्तल ने बताया कि उनके पैसे जल्द ही खातों में आ जाएंगे। इसी दौरान उसके कार्यालय में आयकर विभाग का छापा पड़ गया और कंपनी के काम को फर्जी बताया। शहर थाना पुलिस ने योगेश सहरावत की शिकायत पर सोशल ट्रेड कंपनी के डायेरक्टर अनुभव मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।