गांव करसोला के निकट लगभग डेढ़ माह पहले पिस्तौल के बल पर कार छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से लूटपाट की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गांव फतेहगढ़ निवासी विजय 21 सितंबर को जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि रात को जुलाना से अपने गांव में जा रहा था। जब वह करसोला व लजवाना गांव के पास पहुंचा तो एक गाड़ी उसकी कार के सामने कुछ युवकों ने खड़ी कर दी। गाड़ी से तीन युवक नीचे उतरे और पिस्तौल के बल पर कार छीन ली।
लुटेरे अपनी कार वहीं खड़ी कर उनकी कार लेकर फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी करके लुटेरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को शामलो कलां व गतौली गांव के बीच सुंदर ब्रांच नहर से बरामद कर लिया। लुटेरे अंधेर का फायदा उठाकर भाग गए।
पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में कार छीनने के मामले में तीन युवकों का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रेम नगर भिवानी निवासी राजेश, गांव करसोला निवासी प्रदीप, गांव मोखरा रोहतक निवासी रोहित को गिरफ्तार किया।