फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: अमेरिकी दूतावास के कर्मचारी की रोहतक में कार छीनी, परिवार सहित जा रहे थे जींद

Thu, 28 Jul 2022 10:32 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, जींद (हरियाणा)

सार

पवन कुमार परिवार सहित नजफगढ़ से जींद के पांडु पिंडारा जा रहा था। गोहाना रोड पर ब्राह्मणवास के पास लघुशंका के लिए रुका तो चार युवक हथियारों के बल पर कार ले गए। कार मालिक मूल रूप से जींद के निडाना गांव का रहने वाला है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के कर्मचारी की हरियाणा के रोहतक के गोहाना रोड पर ब्राह्मणवास गांव के नजदीक चार युवक कार छीनकर ले गए। नजफगढ़ के गोपाल नगर निवासी पवन कुमार अपनी मां व पत्नी के साथ अमावस्या पर जींद के पांडु पिंडारा नहाने जा रहा था। वारदात के बाद साढ़े तीन घंटे तक युवक कार लेकर रोहतक शहर में घूमते रहे, लेकिन पुलिस काबू नहीं कर सकी। इस संबंध में सदर थाने में केस दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक नजफगढ़ के गोपाल नगर निवासी पवन ने दी शिकायत में बताया कि बुधवार देर रात को वह कार में सवार होकर दिल्ली से रवाना हुआ। साथ में मां विद्यावती व पत्नी अंकिता भी थी। गुरुवार तड़के करीब पौने चार बजे उसने मकड़ौली टोल प्लाजा पार किया।

ब्राह्मणवास गांव के नजदीक पहुंचा तो लघुशंका के चलते उसने कार सड़क किनारे रोक दी। इसी बीच पीछे से एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कार से चार युवक नीचे उतरे। उनमें एक युवक पिस्तौल लिए हुए था, जबकि तीन के हाथों में डंडे थे।
विज्ञापन


पिस्तौल दिखाकर युवकों ने उसे काबू किया। साथ ही उसकी मां व पत्नी को नीचे उतार दिया। इसके बाद उसकी कार लेकर गोहाना की तरफ फरार हो गए। कार के अंदर रखे बैग में उसका आईकार्ड, मोबाइल फोन, तीन डेबिट कार्ड व एक क्रेडिट कार्ड था। 

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : सोशल मीडिया
जींद रोड की बजाय चुना था वाया गोहाना का रास्ता 
पवन ने बताया कि वह मूलरूप से जींद के निडाना गांव का रहने वाला है। कई दशक से दिल्ली के नजफगढ़ में परिवार सहित रहता है। साथ ही दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में नौकरी करता है। अमावस्या पर मां विद्यावती व पत्नी अंकिता ने पांडु पिंडारा नहाने की इच्छा व्यक्त की। रात को वे नजफगढ़ से रवाना हुए। रोहतक पहुंचे तो पता चला कि जींद रोड डबल लेन बन रहा है, इसके चलते गोहाना होते हुए जींद जाना उचित रहेगा। क्योंकि रोहतक से गोहाना व गोहाना से जींद का रास्ता साफ है। उसे नहीं पता था कि इस तरह वारदात हो जाएगी। 

राहगीरों ने नहीं रोके वाहन, ऑटो मलिक के चौकीदार ने की सहायता
वारदात के बाद पवन ने राहगीरों को इशारा किया, लेकिन किसी ने वाहन नहीं रोका। वह नजदीक ही आटा मिल के बाहर पहुंचा, जहां चौकीदार के मोबाइल से रामगोपाल कॉलोनी में रहने वाले अपने रिश्तेदार को फोन किया। वहां से उसकी पत्नी का भाई आया। उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सदर थाने में पहुंचकर केस दर्ज करवाया। 

मकड़ौली टोल महंगा, लेकिन सुविधा कुछ नहीं
वारदात के बाद पवन मकड़ौली टोल पर पहुंचा, जहां कोई गश्त वाहन या एंबुलेंस नहीं मिली। बकौल पवन, पूछने पर कर्मचारियों ने इतना कहा कि वे तो केवल फीस एकत्रित करते हैं। जिस टीम को ये सुविधाएं देनी हैं, वे नहीं आए हैं। 

साढ़े 7 बजे तक काठमंडी में मिली लोकेशन 
पवन ने पुलिस को बताया कि बैग के अंदर उसका मोबाइल है। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन की जांच की। बकौल पवन पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद लुटेरे कार लेकर वापस रोहतक आए। वहां आदर्श नगर गए। सुबह करीब साढ़े 7 बजे मोबाइल की लोकेशन काठमंडी में मिली, जो बाद में बंद हो गई। 

पुलिस को गाड़ी की फुटेज मिली है। आरोपी स्थानीय ही लग रहे हैं। जल्द उनको काबू कर लिया जाएगा। पुलिस छापा मार कार्रवाई कर रही है। - उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें