हरियाणा के जींद के सफीदों में नहर पुल के पास हांसी ब्रांच नहर में मिले युवक के शव की पहचान करनाल जिले के गांव कुताना निवासी 17 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है। युवक की शिनाख्त के बाद नागरिक अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल भेज दिया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से परिजन को इसकी जानकारी हुई। उधर इस केस की जांच में जुटी पुलिस को पता चला है कि मृतक प्रिंस के खिलाफ 17 फरवरी को एक लड़की को बहलाकर ले जाने का केस भी दर्ज हुआ था।
पुलिस के अनुसार इस मामले की जांच के दौरान पता चला है कि पानीपत सदर थाने में 17 फरवरी को ही प्रिंस के खिलाफ एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में शिकायत करते हुए पानीपत क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया था कि उसकी बेटी के स्कूल शिक्षक ने बताया था कि उनकी बेटी स्कूल में किसी जरूरी काम होने की बात कहकर घर के लिए गई थी लेकिन दोबारा स्कूल नहीं पहुंची।
बाद में पता चला कि उसे प्रिंस के साथ बाइक पर देखा गया है। परिजनों का आरोप था कि प्रिंस उसे शादी करने की नीयत से लेकर गया है। उन्होंने प्रिंस के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस इस मामले से भी प्रिंस की मौत की वजह जोड़कर देख रही है।
पुलिस पता लगाने की काेशिश कर रही है प्रिंस को किसी ने नहर में फैंका था या यह कोई हादसा था। जांच अधिकारी एसआई कुलवंत सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में धारा 174 के तहत कारवाई की गई है। मामले की जांच कर रही है।