अश्लील मैसेज भेजने वाला निकला अध्यापक पर जानलेवा हमले का आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। फोन पर अश्लील मैसेज भेजने के आरोप मेें पकड़े गए युवक से हुई पूछताछ में एक बड़ा मामला सुलझ गया। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस करीब सवा साल से प्रयास कर रही थी। आरोपी की पहचान गांव सिंघपुरा निवासी प्रवेश के रूप में हुई है। युवक को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया हैं।
एक महिला ने किसी के द्वारा अश्लील मैसेज भेजने की शिकायत दी थी। इसके आरोप में प्रवेश को गिरफ्तार किया गया था। 24 मई 2017 को गांव रत्ताखेड़ा में डीपी शमशेर सिंह सुबह पौने 8 बजे अपनी बाइक पर सवार होकर स्कूल में ड्यूटी पर जा रहा था। रत्ताखेड़ा मोड़ पर दो बाइक सवार युवक आए और उन पर हमला कर दिया। इसमें शमशेर बुरी तरह से घायल हो गया। शमशेर सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर नायब तहसीलदार जयबीर रंगा, गांव बिटानी के अध्यापक मुकेश पर हमला करवाने के आरोप लगाए थे।
उसने पुलिस को बताया था कि कुछ दिन पहले नायब तहसीलदार का तबादला हो गया था। इसका आरोप उन्होंने उस पर लगाया था। इस कारण तहसीलदार के कहने पर मुकेश व अन्य लोगों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। शमशेर की शिकायत पर नायब तहसीलदार जयबीर रंगा, अध्यापक मुकेश व चार-पांच अन्य पर मामला दर्ज कर लिया गया था। डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस के सामने प्रवेश ने डीपी शमशेर सिंह पर हमला करवाने की बात स्वीकार की है। जांच में सामने आएगा कि प्रवेश ने डीपी पर हमला क्यों किया था।