नई मंडी में रोडवेज कर्मचारी से लूटपाट
मुजफ्फरनगर। नई मंडी में थाने से चंद कदमों की दूरी पर रविवार देर रात तीन युवकों ने रोडवेज कर्मचारी को तमंचे से आतंकित कर नकदी, पर्स व आई कार्ड लूट लिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अवध विहार निवासी ब्रह्मदत्त रोडवेज डिपो की कार्यशाला में बतौर मैकेनिक काम करता है। पीड़ित ब्रह्मदत्त ने तहरीर देकर बताया कि वह रविवार देर रात कार्यशाला से काम खत्म कर रोडवेज स्टैंड से पैदल ही घर लौट रहा था। जब वह जानसठ फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक पार कर नई मंडी थाने की तरफ बढ़ा, लोहे के गेट के पास ही पहले से खड़े तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने ब्रह्मदत्त पर तमंचा तानते हुए उसे गोली मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब से पर्स के साथ ही 12 सौ रुपये की नकदी भी लूट ली। पर्स में पीड़ित का आई-कार्ड और अन्य जरूरी कागजात थे। लूटपाट के बाद आरोपी धमकी देते हुए रेलवे ट्रैक की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।