एएसआई पर मारपीट करने और फंसाने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। पोली गांव के लोगों ने एसएसपी अश्विनी शैणवी से मिलकर हिसार जिले के नारनौंद थाना में तैनात तथा गांव पोली के ही रहने वाले एएसआई रमेश कुमार पर मारपीट करने, परिवार को फंसाने के लिए षड्यंत्र रचने और धमकी देकर प्लाट हड़पने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने ग्रामीणों को उचित कार्यवाही का भरोसा दिया और मामले की जांच करके जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई करने के लिए कहा।
गांव पोली निवासी हरिओम के साथ आए गांव के सरपंच सुंदर सिंह, जयकिशन, राजकुमार, जगबीर, कृष्ण, सूरजभान, सतबीर, बिजेंद्र, राजेंद्र, किताब सिंह मनजीत ने कहा कि गांव का ही रमेश नारनौंद थाना में एएसआई के पद पर तैनात है। हरिओम ने कहा कि रमेश ने उसकी पत्नी और चाची पर हमला करवाया और दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बेटे नीतिश का उसने अपने बेटों के साथ अपहरण कर लिया। उसे जयभगवान के मकान में ले गए। रमेश व उसके परिवार के लोगों ने लाठी और डंडों से मारा। इसके बाद रमेश ने उसके बेटे पर पिस्तौल तान दी और कहा कि वह उसके वंश को खत्म कर देगा। इतना ही नहीं रमेश ने उसके परिवार की एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में फोटो भी खींचने की कोशिश की। आसपास के लोगों के आने से रमेश व अन्य जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। ग्रामीणों ने कहा कि रमेश ने दो समुदायों का आपस में झगड़ा भी करवाया था। हरिओम ने रमेश के खिलाफ कार्रवाई व उसके परिवार की सुरक्षा करने की मांग की। एसएसपी ने कहा कि इस मामले की जांच करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी। जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई रमेश समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
जुलाना थाना पुलिस ने हरिओम के बेटे नीतिश की शिकायत पर एएसआई रमेश, संजय, सुमित, मुकेश, लाली, निठा, बाला, रीतू व कौशल्या के खिलाफ मारपीट, धमकी देने, षड्यंत्र रचने, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसआई प्रवीण ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।