दस दिन पहले गुजरात से लौटे व्यक्ति से कहासुनी में सिर पर फावड़ा मारा, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जींद/ उचाना। कहासुनी के दौरान कहसुन गांव में मंगलवार रात को फावड़ा मारकर खटकड़ गांव के रहने वाले 63 वर्षीय सतपाल (पाला) की हत्या कर दी गई। पुलिस ने कहसुन गांव के रहने वाले राधेश्याम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक सतपाल के दो बेटे बलजीत और कुलदीप गुजरात में ट्रांस्पोर्ट का कारोबार करते हैं। पुलिस ने सतपाल के भतीजे प्रदीप के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार राधेश्याम ने ही सतपाल को गंभीर हालत के चलते जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को दिए बयान में सतपाल के भतीजे प्रदीप ने बताया कि उसके ताऊ सतपाल की कसुहन गांव निवासी राधेश्याम के साथ जान-पहचान है। मंगलवार को ताऊ कसुहन गया हुआ था। रात को 11 बजे राधेश्याम के पशुबाड़ा में दोनों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि राधेश्याम ने ताऊ से सिर पर फावड़ा दे मारा। जिससे ताऊ की मौत हो गई। प्रदीप ने बताया कि ताऊ की मौत की सूचना दो बजे रात को पुलिस को मिली। जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी जींद के नागरिक अस्पताल पहुंच गए। सतपाल के सिर पर चोट लगी हुई थी। कसुहन खटकड़ गांव का पड़ोसी गांव है। ऐसे में सतपाल की राधेश्याम के साथ जान-पहचान थी। दोनों में आपस में किस बात को लेकर कहासुनी हुई इस बारे में पता नहीं चल पाया है।
करीब दस दिन पहले गुजरात से आया था सतपाल
प्रदीप के अनुसार सतपाल के दो बेटे गुजरात के वापी में ट्रांस्पोर्ट का कारोबार करते हैं। सतपाल भी कभी कभार अपने बेटों के पास चला जाता था। करीब दस दिन पहले ही वह गुजरात से आया था। गुजरात में सतपाल के बेटों ने मकान बनाया है और उसका मुहूर्त होना था। इसके चलते ही सतपाल की पत्नी भी दो दिन पहले ही गुजरात गई थी। मंगलवार को सतपाल घर पर अकेला था और इसके चलते वह राधेश्याम के पास गया था।
चोर समझकर मारा
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद राधेश्याम ने कहा कि सतपाल बिना बताए ही उसके पशु बाड़े में घुस गया था। ऐसे में उसने चोर समझकर उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि सतपाल के परिजनों व पुलिस ने इस प्रकार की जानकारी से साफ इनकार किया है।
सरपंच ने दी पुलिस को सूचना
थाना पुलिस को गांव के सरपंच नरेश ने फोन करके सूचना दी कि राधेश्याम के घर पर एक व्यक्ति के सिर पर चोट लगी है। जिसको उपचार के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में लेकर जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंची तो वहां सतपाल की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी समरजीत ने कहा कि मृतक के भतीजे प्रदीप की शिकायत पर कसुहन गांव के राधेश्याम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक के भतीजे ने बताया कि सतपाल की मौत दोनों के बीच आपसी कहासुनी में लोहे के फावड़ा से सिर पर वार करने से हुई है। ऐसे में प्रदीप के बयान के आधार पर राधेश्याम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने राधेश्याम को हिरासत में ले लिया है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टी नहीं की है।