अमर उजाला ब्यूरो
जींद। करनाल के घरोंडा थाना क्षेत्र के केनरा बैंक से लगभग दस लाख रुपये और जींद के सफीदों में 50 हजार रुपये की लूट के मुख्य सरगना जिले के गांव सिंघाना निवासी हिस्ट्री शीटर अनिल उर्फ सिंघानियां को डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने जुलाना के पास से गिरफ्तार किया है। अनिल के कब्जे से पुलिस ने चार देसी पिस्तौल, पांच कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई एक प्लसर बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली, पानीपत, करनाल में लूटपाट, डकैती, हत्या का प्रयास, चोरी व शस्त्र अधिनियम के तहत कुल आठ मामले दर्ज हैं। मंगलवार दोपहर बाद अनिल को पुलिस ने अदालत में पेश किया जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया।
डीएसपी हेडक्वार्टर रामभज व डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बाइक पर जुलाना के आसपास घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गांव सिंघाना निवासी अनिल उर्फ सिंघानियां के रूप में बताई। पुलिस ने जब अनिल की हिस्ट्री खंगाली तो वह कई वारदात में शामिल मिला। अनिल ने बताया कि वह अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना दिल्ली निवासी नीरज बुआना गैंग का सदस्य है तथा उसके लिए काम करता है। उसने 2012 में अपने पांच साथियों के साथ मिलकर करनाल के केनरा बैंक से नौ लाख 80 हजार रुपये लूटे थे। सफीदों में बाइक सवार से चार जुलाई को 50 हजार की नकदी भी लूटी थी।
पानीपत में हुआ था गिरफ्तार, अदालत ने सुनाई थी सात साल की कैद की सजा
अनिल उर्फ सिंघानियां को पानीपत पुलिस ने दो जनवरी 2013 को हत्या के प्रयास मामले में आरोपी बनाया था। कुछ समय बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। इसके बाद अदालत ने उसे सात वर्ष कैद की सजा सुनाई थी। अनिल जब जमानत पर घर आया तो वापस जेल नहीं पहुंचा। इसके बाद अनिल ने छह वारदात को अंजाम दिया।
अनिल पर ये मामले हैं दर्ज
1. 30 अक्तूबर 2012 को करनाल के घरौंडा थाना एरिया में केनरा बैंक में डकैती।
2. दो जनवरी 2013 को थाना मॉडल टाउन पानीपत में हत्या का प्रयास।
3. दो अक्तूबर 2015 को दिल्ली के नरेला में दाल मिल मालिक से एक करोड़ की फिरौती मांगी।
4. पांच जुलाई 2016 को दिल्ली नरेला के दाल मिल मालिक के लड़के की हत्या का प्रयास।
5. छह जुलाई 2016 को थाना मॉडल टाउन पानीपत में चोरी।
6. 19 जुलाई 2016 को दिल्ली के शाहाबाद थाना में आर्म्स एक्ट का मामला।
7. चार जुलाई 2018 को सफीदों थाना में लूट का मामला।
8. 16 जुलाई 2018 को जुलाना थाना में आर्म्स एक्ट का मामला।