तीन मकानों में चोरी, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। रात को चोरों ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन जगह चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यहां से चोर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बड़ौदा निवासी महिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार समेत कार्यवश बाहर गया हुआ था। रात को चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां से सोने की नाथ, चांदी की पाजेब, चांदफुल, 200 ग्राम चांदी तथा 85 हजार रुपये की नकदी को चोरी कर लिया। उधर भटनागर कॉलोनी निवासी जिले सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज करवाने के लिए करनाल गया हुआ था। रात को चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और घर से सोने की अंगूठी, चैन, कानों की बाली, गंठी, हार, पाजेब, टीका, 20 सूट, 70 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसी प्रकार गांव नारायणगढ़ निवासी मांगेराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात परिवार के लोग एक कमरे में सोए हुए थे। रात को चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और वहां से सोने व चांदी के जेवरात, चार हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान को चोरी कर लिया। मकान मालिकों को चोरी की घटनाओं का उस समय पता चला जब अपने घर लौटे और मकान में लगे तालों को टूटा हुआ पाया। अंदर सामान बिखरा हुआ था। सोना चांदी के जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान गायब था। संबंधित थाना पुलिस ने मकान मालिकों की शिकायत पर चोरी के मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।