कुएं से मिले युवक के शव का हुआ पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव पोली निवासी 32 वर्षीय युवक जगबीर का शव पोली तथा किलाजफरगढ़ गांव के बीच बने एक कुएं में शनिवार शाम को मिला था। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जगबीर की पत्नी के बयान पर इत्फाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि गांव पोली निवासी बलवंत ने जुलाना पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि उसका 32 वर्षीय बेटा जगबीर अचानक घर से गायब हो गया है। उसका बेटा मेहनत मजदूरी करके अपना गुजारा करता था। आसपास व रिश्तेदारियों में पता करने के बावजूद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने 14 फरवरी को मामला दर्ज कर जगबीर की तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार दोपहर बाद पुलिस को सूचना मिली कि जगबीर का शव एक कुएं में पड़ा है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद किलाजफरगढ़ व पोली गांव के बीच खेतों में बने कुएं से जगबीर का शव निकाला। मामले के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सोहन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पत्नी सुशील के बयान दर्ज कर पुलिस ने इत्फाकिया कार्रवाई की है। सोहन सिंह ने बताया कि जगबीर की मौत कुएं के पानी में डूबने से हुई है। पानी में शव तीन-चार दिन के बाद ही ऊपर तैरने लगता है। इसलिए जगबीर की मौत तीन-चार दिन पहले ही हुई है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का पता चलेगा। इसके बाद ही आगे कार्रवाई की जाएगी।