बैंक में घुसकर फील्ड मैनेजर की कनपटी पर पिस्तौल खर लूटे 52 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। सम्राट अस्पताल के पास स्थित बंधन बैंक में दिनदहाड़े चार युवकों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। लुटेरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बैंक के अंदर जाकर फील्ड मैनेजर के साथ मारपीट की और उसकी कनपटी पर पिस्तौल रखकर 52 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी जाते समय एक फील्ड मैनेजर को रसोई में बंद कर दिया और सीसीटीवी कमरों को तोड़कर डीवीआर भी ले गए। जब दूसरे कर्मचारी खाना खाकर बैंक में पहुंचे तो उन्होंने फील्ड मैनेजर को रसोई से निकाला और मामले की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी समरजीत मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाया। पुलिस ने फील्ड मैनेजर मदन की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के गांव सूजती निवासी बैंक मैनेजर मोनू और सामली जिला के गांव रसूलपुर निवासी फील्ड मैनेजर मदन ने बताया कि उनका यह बैंक पिछले दो साल से सफीदों में स्थित है, जोकि ग्रामीण महिलाओं को सामूहिक लोन देता है। बुधवार दोपहर बैंक के अन्य तीन कर्मचारी खाना खाने के लिए गए हुए थे। फील्ड मैनेजर मदन गांव हाट से किस्त के पैसे एकत्रित करके बैंक में बैठा हुआ था। तभी एक युवक अंदर आया और मदन से लोन लेने की प्रक्रिया जानने लगा। कुछ देर के बाद तीन अन्य युवक भी बैंक में आए। उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर मदन की कनपटी पर रख दी और मारपीट करके उससे लॉकर की चाबी मांगने लगा। मदन ने कहा कि लॉकर की चाबी बैंक प्रबंधक लेकर गए हैं। इसके बाद उन्होंने किस्त के एकत्रित किए 49960 रुपये उसके बैग से और 2100 रुपये उसकी जेब से निकाल लिए। उसे रसोई में बंद कर फरार हो गए। बैंक मैनेजर के अनुसार लॉकर में सिर्फ पांच हजार रुपये थे।
बॉक्स
सुरक्षा के नहीं कोई इंतजाम
बैंक में सुरक्षा की दृष्टि से कोई इंतजाम नहीं था। बैंक में जाकर देखा तो बैंक में न तो कोई सुरक्षा कर्मी लगाया गया था और न ही सीसीटीवी कैमरों को मोबाइल फोन से कनेक्ट किया गया था।
बाक्स
थाना प्रभारी समरजीत व जांच अधिकारी एसआई जगबीर ने बताया कि पुलिस ने मदन की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है ।