अमर उजाला ब्यूरो
उचाना। घोघड़ियां गांव के नागदेव मंदिर के ताले तोड़कर चोर नागदेव की प्रतिमा व छत्र चुरा ले गए। पुलिस में नागदेव सेवा समिति के प्रधान जोशी चंद की शिकायत पर गांव के ही व्यक्ति बीजा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जोशी चंद ने पुलिस को शिकायत दी कि सुबह पुजारी रामतेज मंदिर गया तो गेटों के ताले टूटे हुए मिले। इसकी सूचना मंदिर कमेटी, सरपंच प्रतिनिधि को दी गई। मंदिर में तीनों गेट के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि चोर चांदी का सवा किलो का छत्र, चांदी की एक चेन, नागदेव की प्रतिमा सहित अन्य सामान चुरा ले गए। जोशी चंद ने बताया कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगवाया हुआ है। इसमें मंगलवार रात को 12 बजे से लेकर दो बजे के बीच हुई चोरी की वारदात कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में जो व्यक्ति चोरी करता दिखाई दे रहा है उसकी पहचान गांव के ही बीजा के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज में चोर मंदिर में आया। सबसे पहले नागदेव की पूजा करता है। पूजा करने के बाद वहां से चोरी करता है। यहां रखा दानपात्र न खुलने पर उसे भी उठा कर ले जाता है। यह दान पात्र मंदिर से कुछ दूरी पर खेतों से मिला। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि जोशी चंद की शिकायत पर गांव के बीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।