फोन कर घर से बुलाकर मजदूर को मारी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। दो गाड़ियों में सवार होकर जींद-रोहतक मार्ग पर स्थित बस स्टैंड पर आए लोगों ने किनाना गांव के रहने वाले एक मजदूर को फोन कर घर से बुलाया और उसे गोली मार दी। जिससे मजदूर घायल हो गया। ग्रामीणों ने हमलावरों की गाड़ियों पर पथराव करते हुए एक हमलावर को दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को जींद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सूचना पाकर डीएसपी आदर्शदीप और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार दोपहर को दो गाड़ियों में सवार होकर करीब 8-10 बदमाश किनाना गांव में बस अड्डे पर पहुंचे। फोन कर किनाना गांव के 35 वर्षीय राजबीर को वहां पर बुलाया। जब वह पहुंचा तो किसी बात को लेकर उनमें बहस हुई। इस दौरान बदमाशों ने राजबीर को गोली मार दी। गोली राजबीर के कंधे पर लगी। गोली की आवाज सुनकर अन्य ग्रामीण वहां पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने गाड़ियों पर डंडों, बिंडो और ईंटों से हमला बोल दिया। कुछ हमलावर गाड़ी लेकर जींद की तरफ फरार हो गए। इनमें से चार लोग पैदल भाग गए। ग्रामीणों ने इनका पीछा किया और एक हमलावर गांव रामराय निवासी अनिल को जो सरसों की फसल में माइनर के पास छिपा बैठा था। उसे ग्रामीणों ने दबोच लिया। ग्रामीणों ने हमलावर की धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पाकर डीएसपी आदर्शदीप व थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। घायल को जींद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। डीएसपी आदर्शदीप ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मदनलाल की शिकायत गांव रामराय खेड़ा निवासी ओमप्रकाश, अजय, रामबीर, ओमप्रकाश के भांजे और गांव रामराय निवासी अनिल, आशीष, रविंद्र, सुनील के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
गोली लगने के बाद भी पैदल चलकर नागरिक अस्पताल पहुंचा युवक
युवक को गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ लोग आरोपियों के पीछे-पीछे गए, जबकि गोली लगने के बाद राजबीर को एक अन्य युवक बाइक पर बैठाकर नागरिक अस्पताल के गेट तक लेकर आया। युवक जब तक बाइक खड़ी कर रहा था तब, तक राजबीर नागरिक अस्पताल के मुख्य गेट से पैदल ही इमरजेंसी वार्ड तक पहुंच गया। चिकित्सकों के अनुसार गोली राजबीर के सीने में लगी है और काफी छर्रे उसके पूरे शरीर में लगे हुए हैं।