पूर्व मंत्री के पेट्रोल पंप से पिस्तौल के बल पर लूटे 71 हजार रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
जुलाना। जींद-रोहतक हाइवे पर स्थित पूर्व मंत्री सत्यनारायण लाठर के संकट मोचन पेट्रोल पंप पर पांच-छह कार सवार युवकों ने पिस्तौल के बल पर दो सेल्समैन से 71130 रुपये लूट लिए। दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम संकट मोचन पेट्रोल पंप पर सतीश व सुमित सेल्जमैन का काम करते थे। शाम के समय कार में सवार होकर पांच-छह सवार युवक आए और दोनों सेल्समैन को पिस्तौल दिखाकर रुपये मांगे। पिस्तौल को देख सेल्समैन ने सारे रुपये युवकों के थमा दिए। इसके बाद लुटेरे फरार हो गए। मामले की सूचना सेल्समैन ने पेट्रोल पंप मालिक सत्यनारायण लाठर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। इसके साथ ही पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला है। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक पूर्व मंत्री सत्यनारायण लाठर की शिकायत पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच में समाने आया है कि दोनों सेल्समैन के पास 71130 रुपये थे।
एक सप्ताह पहले नरवाना के पास हुई थी लूट
पिछले सप्ताह भी नरवाना के पास हथो गांव स्थित पेट्रोल पंप से पिस्तौल के बल पर लूट हो गई थी। इससे पता चलता है कि जिला में बदमाश बेखौफ हो गए हैं।
लजवाना बैंक से लूट करने वालों का भी नहीं सुराग
गौरतलब है कि 27 अगस्त को दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने लजवाना गांव के पीएनबी बैंक में डकैती डाली थी। इस मामले में भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। बैंक से बदमाश 82405 रुपये लूट ले गए थे। दूसरी घटना भी जुलाना थाना क्षेत्र में ही हुई है। ऐसे में जुलाना पुलिस पर अब सवाल उठ रहे हैं।
जल्द होगी कार्रवाई
पुलिस ने सीसीसीवी फुटेज को देखा है। इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों को पकड़ा जाएगा।
सुरेंद्र कुमार, जुलाना थाना प्रभारी।