जींद। गांव खरक रामजी में अपने 16 वर्षीय बेटे से मारपीट कर उसको लोहे की चेन से बांधने का आरोपी पिता फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने नाबालिग लड़के की शिकायत पर उसके पिता मंगल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को खरक रामजी गांव निवासी एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़के ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पिता उसके साथ मारपीट करता है और उसे घर में लोहे की चेन से बांधकर रखता है। लड़का किसी तरह पिता के चंगुल से फरार होने में कामयाब हो गया। उसके पड़ोसियों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसके बयान के आधार पर उसके पिता मंगल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मंगल की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी थी लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, शीघ्र ही उसे काबू कर लिया जाएगा। - राममेहर सिंह, जांच अधिकारी।