अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव छात्तर में पैसे के लेनेदेन के मामले में एक व्यक्ति को गांव के ही कुछ लोगों ने कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे व्यक्ति बेहोश हो गया। दो दिन बाद उसे होश आने पर पुलिस ने उसके बयानों के आधार पर महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांव छात्तर निवासी भीम सिंह ने शिकायत दी कि गांव का रामेश्वर परिवार और वे किसी फर्म में पार्टनर थे और 60 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर उनमें झगड़ा चल रहा था। वीरवार को वह गांव के मंदिर में जा रहा था। उसी समय रामेश्वर के बेटे जोरा, लीला व रामेश्वर की पत्नी, जयवीर व लीलू ने उसको घर बुला लिया। बातों ही बातों में इन लोगों ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। भीम सिंह ने कहा कि इससे उसको नशा हो गया और वह बेहोश हो गया। इसके दो बाद ही उसे होश आया है। उसने अंदेशा जताया कि कोल्ड ड्रिंक में कोई जहरीला पदार्थ हो सकता है। जांच अधिकारी एएसआई सूबे सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।