पांच किलो चरस के साथ दो युवक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। सीआईए टीम नरवाना ने गश्त के दौरान दनौदा-कलौदा रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पांच किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों युवकों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी कब से नशीले पदार्थ के कारोबार में लगे हुए हैं और कहां से सप्लाई आती है और कहां पर बेचा जाता है।
डीएसपी जगत सिंह और सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर समरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि चरस को उत्तर प्रदेश के जिला फैजाबाद निवासी सभापति नाम का व्यक्ति देकर गया था। जिसे नरवाना में अलग अलग स्थानों पर बेचना था। डीएसपी ने कहा कि बुधवार देर शाम इंस्पेक्टर समरजीत सिंह अपनी टीम के सदस्य एएसआई अशोक, रमेश, अंकित और शमशेर के साथ दनौदा-कलौदा सड़क पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान दनौदा से कलौदा की ओर आ रहे मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक पुलिस की गाड़ी देखकर हड़बड़ा गए और मोटरसाइकिल मोड़ लिया, मगर उनकी मोटरसाइकिल बंद हो गई। जिस पर उन्हें पकड़ लिया गया। उनकी तलाशी लेने पर साथ लिए गए थैले से पांच किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ में दोनों युवकों की पहचान गांव कंहड़ी जिला फतेहाबाद निवासी मेहर सिंह और गांव दनौदा खुर्द जींद निवासी गुरदीप उर्फ गाल्वी के रूप में हुई। डीएसपी जगत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास पिट्ठू बैग थे। टोहाना नंबर की मोटरसाइकिल को मेहर सिंह चला रहा था। उन्होंने बताया कि मेहर सिंह के पास दो किलो 700 ग्राम और गुरदीप के पास दो किलो 300 ग्राम चरस बरामद की है।
फैजाबाद निवासी सभापति को किया जाएगा गिरफ्तार : डीएसपी
दोनों आरोपियों सहित उत्तर प्रदेश के जिला फैजाबाद निवासी सभापति पर मामला दर्ज किया गया है। सभापति को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया है। सभापति को गिरफ्तार करने के बाद बड़े गिरोह को पकड़ा जा सकता है।
जगत सिंह, डीएसपी नरवाना।