अमर उजाला ब्यूरो
जींद। समीपवर्ती गांव बिरोली में रात को अपने खेत में पानी लगा रहे एक युवक को उसके ही पड़ोसियों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक बेसुध होकर गिर गया, जबकि उसका चचेरा भाई जान बचाकर भाग निकला। युवक को गंभीर अवस्था में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव बिरोली निवासी सुरेंद्र ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी उसके चाचा के लड़के अनिल की लगभग 15 दिन पहले गांव के ही बिंटू के साथ कहासुनी हो गई थी। सोमवार रात को वह अपने भाई अनिल के साथ खेत में पानी लगाने गया था। इसी दौरान बिंटू कुछ साथियों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर पहुंच गया। बिंटू व अन्य ने पहले तो लाठी व डंडों से दोनों पर हमला कर दिया, उसके बाद अनिल को गोली मार दी। गोली चलने के बाद सुरेंद्र अंधेरा होने के कारण छिप गया और फोन करके परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोग खेत में पहुंचे और अनिल को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गांव बिरौली निवासी बिंटू, हरिओम, संदीप, रणजीत के खिलाफ हत्या के प्रयास व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।