सुआ से पुलिस कर्मियों पर हमला कर बंदी ने किया भागने का प्रयास, काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। आवारागर्दी करने के आरोप में कोर्ट में पेशी भुगतकर बाहर निकले आरोपी ने पुलिस कर्मचारियों पर सुआ से हमला कर भागने का प्रयास किया। मगर उसे पकड़ लिया गया। हलमें में एक पुलिस कर्मी की वर्दी भी फट गई। नरवाना शहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर हमला करके कस्टडी से भागने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार डूमरखां गांव के सोनू के खिलाफ दो वर्ष पहले शहर थाना में आवारागर्दी करने का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी इस समय जींद की जेल में बंद है। जिला पुलिस सोमवार को पुलिस बस में पेशी पर लेकर आई थी। पेशी भुगताने के समय उसके साथ एएसआई ईश्वर सिंह, हैड कांस्टेबल सुखबीर सिंह, नरेश तथा सिपाही नवीन थे। सोनू को जब जज मुनीष नागर की कोर्ट में पेशी होने के बाद बस में बैठाने के लिए ले जाया रहा था तो सोनू ने नुकीली वस्तु से पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। दोनों ओर से हुई धक्का मुक्की में एएसआई ईश्वर सिंह की वर्दी फट गई। सोनू के हाथ में सुआ कहां से आया यह जांच का विषय है। पुलिस इसको लेकर बंदी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने सोनू के खिलाफ एक ओर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राजाराम ने बताया कि पुलिस ने सोनू के खिलाफ पुलिस कर्मचारियों पर हमला करके पुलिस कस्टडी से भागने के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस यह भी जांच करेगी कि आखिर उसके हाथ में यह सुआ कहां से आया। पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा कि इस पुलिस कस्टडी से भगाने की साजिश में उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं।