मां ने डाटा तो युवती निकली घर से, रास्ते में चक्कर आने से हुई बेसुध
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। घर में मां ने एक युवती को डांटा तो वह घर से निकल गई। काफी देर भटकने के बाद युवती हांसी ब्रांच नहर की पटरी के पास बेहोश होकर गिर गई। किसी राहगीर ने इसकी जानकारी महिला थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पहुंची महिला थाना पुलिस ने युवती को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। काफी देर बाद जब युवती होश में आई तो उसने अपने बारे में बताया।
दोपहर को महिला थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती बेसुध अवस्था में हांसी ब्रांच नहर की पटरी पर पड़ी है। सूचना से पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। युवती लगभग एक घंटे के बाद होश में आई। युवती ने बताया कि उसकी मां ने उसे डांट दिया था। इसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गई और नहर पटरी पर जा पहुंची, जहां बारिश के चलते उसको ठंड लगने लगी और डर के चलते वह बेसुध होकर गिर गई। पुलिस ने युवती को परिजनों के हवाले कर दिया।