अधिकारियों के साथ चर्चा करते डीसी।
- फोटो : Jind
कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर डीसी नरेश कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मंगलवार को तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए 120 बेड की व्यवस्था की गई है। इन बेड पर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में डीसी नरेश कुमार ने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी समय रहते तमाम प्रबंध पूर्ण कर लें। इस पर सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर पूरी तरह से हर स्थिति से निपटने के लिए तैयारी की जा रही है। मास्क, ऑक्सिजन सिलिंडर, दवाइयां व अन्य तमाम जरूरत की वस्तुओं का तैयार किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल के नए व पुराने भवन में बेड ऑक्सिजन से जोड़े जा चुके हैं। एंबुलेंस की संख्या 17 से बढ़कर 27 की गई है। उन्होंने कहा कि जींद व नरवाना के नागरिक अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो गए हैं।