जींद। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से लगातार तीसरे रविवार को भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी के नेतृत्व में गोहाना रोड, सफीदों रोड, कुंदन सिनेमा, बाल भवन वाली सड़क और बतख चौक सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई कराई गई।
अभियान के तहत प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। डॉ. अनुराधा सैनी ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
विज्ञापन
जनसहयोग से ही स्वच्छ और व्यवस्थित जींद का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद प्रत्येक रविवार को विशेष अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। सफाई कर्मचारियों की मेहनत शहर को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता को जनआंदोलन बनाना जरूरी है।
चेयरपर्सन ने दुकानदारों और शहरवासियों से अपील की कि वह अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई रखें। कूड़ा सड़कों और नालियों में फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।