जींद। शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मकान नंबर 1054 से आगे की सीवर लाइन कई दिनों से बंद पड़ी है। इसके चलते सीवर का गंदा पानी गली में फैल रहा है जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के कारण कॉलोनी में बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर बहुउद्देशीय जन कल्याण सभा हरियाणा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता को दूसरा स्मरण पत्र भेजा है। सभा के प्रधान राममेहर वर्मा, गुरनाम सैनी और रणधीर चहल की ओर से भेजे गए पत्र में बंद सीवर लाइन की जल्द सफाई करवाने की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है कि सीवर जाम होने से गली में गंदगी फैल रही है और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस संबंध में विभाग को पहले भी पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी कारण सभा ने दोबारा विभाग से कार्रवाई की मांग की है।