नरवाना। नरवाना में दो लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है। 20 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। गौरतलब है कि 21 मार्च को एक बरात में निडानी गांव में जाने वाले हरिनगर निवासी एक व्यक्ति को बुधवार को जींद ले जाया गया था। जहां उसकी जांच की तो कोरोना वायरस की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं धर्म सिंह कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति भी रिपोर्ट निगेटिव आई है। नागरिक अस्पताल के प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र बिंदलिश ने कहा कि हरिनगर निवासी युवक के संपर्क में आए 20 लोगों को एहतियातन 28 दिन के लिए होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं इस समय नरवाना क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव नहीं है।
कोरोना टेस्ट के लिए दो सैंपल भेजे
उचाना। नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग में बने क्वारंटीन वार्ड एक में छह लोगों को क्वारंटीन किया गया है। यहां दो उचाना कलां, एक धनखड़ी, एक गैंडा खेड़ा और दो यूपी के व्यक्ति हैं। इनमें से उचाना कलां के दो युवकों को खांसी की दिक्कत होने पर सैंपल लेकर सोनीपत के खानपुर मेडिकल कॉलेज पीजीआई में कोरोना टेस्ट के लिए भेजा है। यहां पर ड्यूटी दे रहे एमपीएचडब्लयू सत्यवान वर्मा ने कहा कि उचाना कलां के दो युवकों को खांसी की शिकायत हुई तो उनके सैंपल लेकर सोनीपत के खानपुर मेडिकल कॉलेज पीजीआई कोरोना टेस्ट के लिए भेजे है। इसकी रिपोर्ट दो से तीन दिन में आ जाएगी।
ट्रक ड्राइवर को कोरोना वायरस के सैंपल के लिए भेजा गया जींद
पिल्लूखेड़ा। शुक्रवार को कालवा गांव के एक ट्रक ड्राइवर को एंबुलेंस से जींद ले जाया गया। यहां पर ड्राइवर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। ट्रक ड्राइवर 15 मार्च को दिल्ली गया था जो दिल्ली से महाराष्ट्र चला गया। ड्राइवर चार अप्रैल को अपने घर कालवा में लौटा है। महाराष्ट्र रेड जोन के अंतर्गत आता है ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पूरी सतर्कता के साथ ड्राइवर को सैंपल के लिए जींद लेकर गया है। ट्रक ड्राइवर को स्वास्थ्य विभाग ने पांच अप्रैल को ही होम क्वारंटीन कर दिया था। अब स्वास्थ्य विभाग कोई रिस्क नहीं लेना चाहता इसलिए विभाग ने ट्रक ड्राइवर का सैम्पल लेने के लिए जींद सामान्य अस्पताल में भेज दिया है। कालवा सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुण ने कहा कि ड्राइवर को मामूली सा बुखार था।