जींद। जिला में कोरोना संक्रमण के मामलों में काफी राहत मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ो के अनुसार शनिवार को जिला में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि दो लोग ठीक हुए हैं। जिले में इस समय केवल 12 एक्टिव मामले बचे हैं। जिले का रिकवरी प्रतिशत भी 97.41 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को 743 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से केवल एक ही व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि दो लोग ठीक हुए हैं। अब तक जिला में 21174 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 20626 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हें। जिले में अब तक 536 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय जिला में 12 एक्टिव मामले ही बचे हैं। फिलहाल किसी भी अस्पताल में कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं बचा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 793 लोगों के सैंपल लिए हैं। अब तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें 275235 लोगों के सैंपल ले चुकी हैं। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में जिला में काफी नुकसान हुआ है। इसलिए लोगों को अभी भी संभल जाना चाहिए। यदि लोग संभल जाएंगे तो जिला कोरोना से मुक्त हो जाएगा। इसलिए भीड़भाड़ के स्थानों से लोगों को बचना चाहिए और मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना चाहिए।