फोटो संख्या:60 इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में रखे कूलर। संवाद
महेंद्रगढ़। लगातार बढ़ते तापमान ने कूलर के कारोबार को बढ़ा दिया है। जैसे-जैसे पारा 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है, वैसे-वैसे लोग गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर की खरीदारी में जुट गए हैं। शहर के बाजारों में इन दिनों ग्राहक कूलर खरीद रहे है।
शहर में प्रतिदिन शोरूमों में 25 से 30 कूलरों की बिक्री हो रही है। बाजार में 3800 से लेकर 25 हजार तक कूलर उपलब्ध हैं। कूलरों की आपूर्ति फरीदाबाद, दिल्ली व रेवाड़ी से हो रही है।
दुकानदार दिलावर सिंह, सुभाष अग्रवाल व मनीष खुराना ने बताया कि तेज गर्मी पड़ते ही कूलर की डिमांड बढ़ गई है। पिछले वर्ष से अबकी बार अच्छा कारोबार होने की संभावना है। हर वर्ग के लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार कूलर खरीद पा रहे हैं।
छोटे रूम कूलर से लेकर बड़े डेजर्ट कूलर तक की अच्छी-खासी मांग बनी हुई है। इस बार ग्राहक केवल ठंडक ही नहीं, बल्कि बिजली की खपत को भी ध्यान में रखकर खरीदारी कर रहे हैं।
फाइव स्टार रेटिंग वाले कूलरों की मांग सबसे अधिक है। ये कूलर कम बिजली खपत करते हैं। बढ़ती बिजली दरों को देखते हुए लोग ऐसे कूलरों को प्राथमिकता दे रहे हैं जो लंबे समय तक चलने के साथ-साथ किफायती भी है।