जाम लगाकर मोहित के परिवार के लिए न्याय की मांग करते लोग।
- फोटो : Jind
आजाद नगर निवासी मोहित नामक युवक की सोमवार रात हुई मौत के मामले में बुधवार को भी विवाद बना रहा। इस मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर दी गई है लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद भी शव नहीं उठाया। बुधवार को फिर परिजनों द्वारा पुराना स्टैंड के पास दिल्ली पटियाला हाईवे पर जाम लगा दिया गया। इस दौरान पुलिस जवान जब डंडे लेकर पहुंचे तो लोगों ने रास्ता खाली कर दिया। हालांकि अब भी कुछ लोग राष्ट्रीय राजमार्ग के पास धरने पर डटे हुए हैं।
परिजनों का आरोप है कि नरवाना नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही के कारण मोहित की मौत हुई है। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तब तक यहां सड़क पर ही बैठे रहेंगे। वहीं हाईवे जाम हो जाने के बाद लगभग चार बजे पुलिस के जवानों को मौके पर तैनात किया गया तो परिजनों के समर्थन में शहर के समाजसेवी व अन्य लोग बैठे थे वे लोग पुलिस को देखकर चले गए। इसके बाद नरवाना से पंजाब की तरफ जाने वाली सड़क पर से जाम खुल गया। लेकिन सड़क के दूसरी तरफ परिजनों का धरना जारी रहा।
इससे पहले परिजनों द्वारा नागरिक अस्पताल में धरना भी दिया गया और अस्पताल व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया गया। परिजनों ने प्रशासन को दोपहर एक बजे तक अल्टीमेटम देकर यह चेतावनी दी कि एक बजे तक कार्रवाई नहीं होती है तो हाईवे जाम किया जाएगा। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम सुरेंद्र कुमार व एएसपी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। सड़क पर जाम लगाकर बैठे लोगों को कई बार कार्रवाई के आश्वासन देकर उठाने का प्रयास किया गया। लेकिन परिजन तुरंत कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। परिजनों की मांग है कि पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, शस्त्र का लाइसेंस बनाया जाए और नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही को देखते हुए उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
परिजनों ने जो शिकायत दी थी उसके आधार पर शहर पुलिस ने अज्ञात चिकित्सक के खिलाफ लापरवाही करने की एफआईआर दर्ज की है। जाम लगा रहे परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन परिजन व उनके साथ बैठे अन्य लोग मानने को तैयार नहीं हैं। जांच कमेटी के गठन को लेकर एसडीएम की तरफ से सीएमओ के पास लेटर भेजा गया है। जल्द ही इस मामले में जांच टीम का गठन होगा। जांच के आधार पर ही इस मामले में आगे की कार्रवाई अमल में
लाई जाएगी।
-कुलदीप सिंह, एएसपी।