बीस करोड़ रुपये की लागत से पांडु पिंडारा में 12 एकड़ में बनाए जा रहे नए बस स्टैंड के सर्विस रोड का निर्माण कार्य तीन विभागों के बीच उलझ गया है। बस स्टैंड पर 18 बूथ बन कर तैयार हो चुके हैं। सिर्फ पेयजल और लाइटों का प्रबंध करना बाकी है, मगर दो किलोमीटर लंबा बनने वाला सर्विस रोड तीन विभागों के बीच फंसने से बस स्टैंड को हैंडओवर करने में देरी हो सकती है।
सर्विस रोड के निर्माण के लिए एनएचआई ने पीडब्ल्यूडी से रोडवेज की अंडरटेकिंग मांगी है। वहीं रोडवेज के जीएम बिजेंद्र सिंह का कहना है कि यह काम एनएचआई का है और वही देखेगी। इसमें रोडवेज की ओर से कोई ग्रांट का प्रावधान नहीं है। सर्विस रोड पर होने वाले खर्च का टेंडर बस स्टैंड निर्माण के टेंडर में नहीं दिया गया है। एनएचआई की जरूरत के अनुसार सर्विस रोड के बढ़े बजट के चलते पीडब्ल्यूडी ने रोडवेज से जरूरी बजट उपलब्ध करवाने की मांग की है। बस स्टैंड का निर्माण होने के बाद बसों और अन्य वाहनों के आवागमन के लिए वहां तक सर्विस रोड का निर्माण करना बाकी है। पीडब्ल्यूडी ने दो बार एनएचआई को फाइल भेजकर सर्विस रोड बनाने के लिए एनओसी मांग चुका है। वहीं एनएचआई है कि रोडवेज से अंडरटेकिंग मांग रहा है। सर्विस रोड में हो रही देरी के कारण नया बस स्टैंड रोडवेज को हैंडओवर नहीं हो पाएगा। यदि बिना सर्विस रोड के ही बस स्टैंड का लोकार्पण किया गया तो नए बाईपास से बस स्टैंड परिसर में बसों के आवागमन में दिक्कत होगी। नए बस स्टैंड के पास प्रशासन द्वारा डेंजर प्वांट घोषित किया गया है, जहां चार हादसे हो चुके हैं।
यह है तकनीकी खामी
नए बाईपास पर पांडु पिंडारा गांव के पास शहर की ओर नया बस स्टैंड बनाया गया है। यहां दिक्कत यह आ रही है कि बस स्टैंड पर वाहन गोहाना रोड से तो जा सकते हैं, लेकिन सफीदों रोड से नहीं। वहीं बस स्टैंड से वाहन सफीदों रोड तक जा सकते हैं, लेकिन गोहाना रोड पर सीधे संपर्क नहीं बन रहा है। यदि वाहनों को बस स्टैंड से गोहाना रोड पर लाना हो तो करीब एक किलोमीटर गलत दिशा में चलना पड़ेगा या फिर सफीदों रोड पुल के नीचे से लाना पड़ेगा। दूसरी दिशा में भी यही स्थिति है।
करीब ढाई करोड़ रुपये होंगे खर्च
हालांकि अभी तक पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को एनएचएआई से सर्विस रोड के लिए अनुमति नहीं मिली है, जिसके चलते इसका एस्टीमेट भी नहीं बनाया गया है। इंजीनियर्स के अनुसार करीब दो किलोमीटर लंबे सर्विस रोड पर ढाई करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
एनएचआई को नहीं बनाना सर्विस रोड
एनएचएआई ने बाईपास बना दिया है। बस स्टैंड के लिए सर्विस लेन चाहिए तो यह रोडवेज का काम है। रोडवेज अपना काम जिससे मर्जी करवाए।
वीके शर्मा, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, रोहतक।
एनएचएआई बनाए सर्विस लेन
बस स्टैंड के भवन का निर्माण लोकनिर्माण विभाग द्वारा किया गया है। इसका संपर्क सीधा बाईपास से होना चाहिए। ऐसे में एनएचएआई को यहां सर्विस लेन बनानी चाहिए।
बिजेंद्र हुड्डा, रोडवेज महाप्रबंधक।
नहीं मिली है स्वीकृति
सर्विस लेन के लिए स्वीकृति नहीं मिली है। सर्विस लेन एनएचएआई की जमीन पर बनना है, ऐसे में उनकी स्वीकृति जरूरी है। इसके लिए आवेदन किया गया है।
नवनीत नैन, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी बीएंडआर।