जीसी के संज्ञान लेने के बाद रोहतक रोड पर कार्य तेज करते हुए गिट्टी डालने का कार्य शुरू कर दिया गया
- फोटो : Jind
रोहतक रोड का निर्माण एक साल से लटका हुआ था, मगर अब उसमें तेजी आई है। शुक्रवार को डीसी डॉ. आदित्य दहिया के हस्तक्षेप के बाद इस सड़क को बनाने का कार्य तेज कर दिया गया है। उन्होेंने सड़क निर्माण कार्य पूरा तक वैकल्पिक रास्ता भी बनाने के निर्देश दिए हैं। अब विभाग ने वैकल्पिक रास्ता बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
रोहतक रोड पर अमरूत योजना के तहत एक साल से सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है, जिसकी वजह से रोड बहुत ही बदतर हालत में पहुंच गया है। आने-जाने के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं होने की वजह से वाहन चालकों को ही नहीं बल्कि पैदल चलने वालों को भी परेशानी उठाना पड़ रही है। बारिश होने पर यहां पर वाहन फंस रहे हैं। सड़क के एक किनारे पर बड़े-बड़े पाइप डाल दिए गए हैं तो दूसरी तरफ सड़क उखाड़ दी गई है, जिसकी वजह से यहां से वाहन तो क्या पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
शुक्रवार को डीसी डॉ. आदित्य दहिया तथा शनिवार को विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया था। डीसी के सामने नगर परिषद तथा पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे। इसके बाद डीसी ने खुद सड़क की पैमाइश करवाई तो इसमें नगर परिषद अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। डीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाई और अगस्त तक सड़क का काम पूरा करने का आदेश दिया। साथ ही सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक यहां वैकल्पिक रास्ता बनाने के निर्देश दिए।
डीसी के आदेश के बाद नगर परिषद अधिकारियों ने यहां पर वैकल्पिक रास्ता बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस सड़क मार्ग को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जिला प्रशासन तथा नगर परिषद पर खूब तंज कसा है। डीसी के आदेश के बाद सड़क को बनाने के लिए कई जेसीबी और ट्रैक्टर को लगाया गया है।
रोहतक रोड की विशेष निगरानी
विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि रोहतक रोड पर जो काम चल रहा है उसकी निगरानी की जा रही है। फिलहाल अभी यहां पर वैकल्पिक रास्ता बनाया जा रहा है। रोहतक रोड को उखाड़ने पर शहर थाना पुलिस ने कार्यकारी अभियंता की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला भी दर्ज कर लिया है। शहर की सड़कों के सुधार के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। अधिकारियों से प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है।