03जेएनडी11-बैरागी धर्मशाला में हुए अभिनंदन समारोह में राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी और अन्य।
जींद। रविवार को हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी शहर की बैरागी धर्मशाला में बैरागी समाज की तरफ से आयोजित अभिनंदन समारोह को मुख्य अतिथि के तौर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोगों में संवैधानिक और सामाजिक जागृति आ रही है। आज समाज के लोग बड़े-बड़े पदों पर विराजमान हो रहे हैं। यह सिलसिला रुकना नहीं चाहिए, बल्कि एकजुटता के साथ और भी जागरूक होकर युवा पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में पूरी जी-जान लगानी चाहिए।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व मंत्री रामकिशन बैरागी ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. नरेश बैरागी ने किया। समारोह में कनाडा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष के सलाहकार गुलाब सैनी विशेष तौर पर शामिल हुए। इस दौरान आयोजकों ने कर्मवीर सैनी का फूल मालाओं, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया।
कर्मवीर सैनी ने कहा कि अतीत में सामंतवादी और जागीरदारों ने पिछड़ा वर्ग के लोगों को जमकर शोषण किया। उसके बाद अंग्रेजों ने भी शोषण करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन पिछड़ा वर्ग के कर्मठ लोग अपनी मेहनत और महापुरुषों के दिखाए रास्ते पर चलते हुए आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि समाज में आगे बढ़ने के साथ-साथ वे सामाजिक बुराइयों को जड़ मूल से समाप्त करने का भी प्रयास करें, क्योंकि आज नशाखोरी से समाज खोखला होता जा रहा है।
आरटीआई कानून के तहत जितनी भी उन्हें संवैधानिक ताकत उन्हें मिली है, उसका ईमानदारी के साथ पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। सीआरएसयू के वीसी प्रो. रामपाल सैनी ने शिक्षा नीति 2020 की विस्तृत जानकारी देते हुए शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान हरियाणा बैरागी सभा के प्रधान शिवकुमार, उषा प्रियदर्शनी, निर्मला बैरागी, बख्शीराम सैनी, महेंद्र सिंह खटकड़, कृष्ण स्वामी, एडवोकेट सुरेंद्र खटकड़ मौजूद रहे।