जींद। मुख्यमंत्री हरियाणा समान शिक्षा राहत, सहायता एवं अनुदान (चिराग) स्कीम के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दाखिले के लिए शेड्यूल जारी किया है।
यह शेड्यूल कक्षा पांचवीं से 12वीं में दाखिले करने के लिए है। मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय चिराग स्कीम के तहत छात्रों के दाखिले करने की सहमति विभाग की वेबसाइट पर 24 फरवरी से लेकर सात मार्च तक दर्ज करा सकते हैं।
इसको लेकर सहमति जताने वाले मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की कक्षा अनुसार घोषित सीटों का विवरण विभाग की ओर से विभागीय वेबसाइट या पोर्टल पर दर्शाया जाएगा। संबंधित विद्यालय 15 मार्च से स्कूल में नोटिस बोर्ड पर खाली सीटों की सूची चस्पा करेगा। अभिभावक या छात्र सहमत मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में 15 मार्च से 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। जिन विद्यालयों में सीटों से ज्यादा आवेदन प्राप्त होंगे तो इस स्थिति में दाखिले के लिए लॉटरी के माध्यम से एक अप्रैल से पांच अप्रैल तक की अवधि में डॉ निकाले जाएंगे। आवेदनों पर एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक दाखिले की प्रक्रिया संपन्न करेंगे और सफल छात्रों की सूची विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर दर्शाएंगे। लॉटरी ड्रॉ के बाद मुख्य सूची में सफल छात्र निर्धारित तिथि तक दाखिला नहीं लेने पर उनकी रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची के छात्रों के दाखिले 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किए जाएंगे। इस दौरान विद्यालयों की ओर से दाखिल विद्यार्थियों का विवरण विभागीय पोर्टल पर एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक दर्ज कराना आवश्यक होगा।