जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के प्रस्तावित जींद दौरे से पहले प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के लगातार दौरे और बैठकों के बाद अब प्रदेश के शीर्ष अधिकारी भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
बुधवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने लोक निर्माण विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, रूट प्लान, हेलीपैड, ट्रैफिक, पार्किंग और जनसभा स्थल की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट पर सरकारी भवनों की दीवारों पर शिक्षा व महिला कल्याण योजनाओं के संदेश लिखवाने, व्हाइटवॉश कराने, रानी तालाब सहित प्रमुख स्थलों को आकर्षक बनाने तथा सड़कों, बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक से पहले मुख्य सचिव ने रेलवे स्टेशन, प्रस्तावित सभा स्थल, हेलीपैड और रूट का निरीक्षण भी किया। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने पार्किंग, ट्रैफिक एडवाइजरी, मोबाइल शौचालय, मीडिया सेंटर, एलईडी स्क्रीन, फाइबर नेटवर्क और वाई-फाई जैसी सुविधाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएंगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी प्रदीप कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।