जींद। आईटीआई में विद्यार्थी 15 जुलाई तक पोर्टल पर जाकर अपनी पसंदीदा ट्रेड का चयन कर सकते हैं। पहले चरण में केवल संस्थान चयन के लिए आवेदन प्रक्रिया चली थी। इसके बाद दूसरे चरण में विद्यार्थियों को ट्रेड चुनने का विकल्प मिला है।
आईटीआई में दाखिले को लेकर इस बार कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है। तीन जुलाई तक कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई में कुल 263 आवेदन आए थे जबकि अब चार दिनों में आवेदनों की संख्या 3784 पार पहुंच गई है।
इस बार 10वीं कक्षा में दोनों बोर्ड से 15 हजार से अधिक विद्यार्थी पास हुए हैं जबकि जिले की 25 राजकीय और निजी आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों की कुल 5244 सीटें हैं। इनमें नौ राजकीय आईटीआई में 2688 और 16 निजी आईटीआई में 2556 सीटें हैं। कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई की कई ट्रेडों में मेरिट 100 प्रतिशत से ऊपर रहने की संभावना है।
राजकीय आईटीआई में आए आवेदनों का ब्योरा
राजकीय आईटीआई में औसतन प्रतिदिन 900 से अधिक आवेदन मिल रहे हैं। इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में 949, वायरमैन में 428, कोपा में 357, फीटर में 356, आरएसी में 182, मैकेनिक डीजल में 218, स्टेनो इंग्लिश में 191, प्लंबर में 135, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में 173, ड्राफ्ट्समैन सिविल में 122, टीपीईएस में 46, मैकेनिक मोटर व्हीकल में 163, टर्नर में 71, मशीनिस्ट में 93, वुड वर्क टेक्नीशियन में 27, मैकेनिक डीजल ड्यूल एच में 29, मैकेनिक ट्रैक्टर में 63, ड्रेस मेकिंग में 40, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिक में 56, वेल्डर ड्यूल एच में 60 और स्विंग टेक्नोलॉजी में 25 आवेदन आए हैं।
वर्जन
राजकीय आईटीआई में चार दिनों में आवेदनों की संख्या 3700 पार पहुंच गई है। विभाग ने सभी आवश्यक जानकारी, संस्थानों की सूची और सीटों का विवरण अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है। मेरिट सूची का शेड्यूल जारी होते ही इसकी जानकारी दे दी जाएगी।
-नरेश पांचाल, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई, जींद