कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वाले लोगों के अंतिम संस्कार को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कमेटियों का गठन करते हुए श्मशानघाट भी निर्धारित किए गए हैं। नगरपालिका, नगर परिषदों के क्षेत्रों के लिए दो-दो कमेटियां बनाई गई हैं। प्रत्येक कमेटी में आठ-आठ कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई हैं।
डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि कोरोना वायरस फैलने के दृष्टिगत इन कमेटियों का गठन किया गया है, ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कमेटियों में शामिल कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वह शमशानघाटों, कब्रिस्तानों में पूरी तरह से कोरोना नियमों का पालन करते हुए अंतिम संस्कार करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि जींद नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के लिए दो कमेटियां गठित की गई हैं। नगर परिषद जींद के क्षेत्र में अंतिम संस्कार के लिए नजदीक पश्चिम युमना नहर वार्ड सात स्थित श्मशानघाट, नरवाना नगर परिषद क्षेत्र के लिए श्मशानघाट नजदीक बाबा गैबी साहब पुराना बस अड्डा, कब्रिस्तान एलआईसी रोड नरवाना, सफीदों शहरी क्षेत्र के लिए श्मशानघाट कलालो वाला वार्ड नंबर दो बोहली रोड तथा वार्ड नंबर चार में गोशाला रोड सफीदों के कब्रिस्तान का निर्धारण किया गया है। उचाना नगरपालिका क्षेत्र के लिए श्मशानघाट नई अनाज मंडी के पीछे वार्ड नंबर चार रजवाहा रोड व कब्रिस्तान खेड़ी मसानियां रोड वार्ड नंबर 13 उचाना तथा जुलाना नगरपालिका क्षेत्र के लिए श्मशानघाट नजदीक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस वार्ड नंबर एक तथा कब्रिस्तान करसोला रोड वार्ड नंबर एक निर्धारित किया गया है।