जींद। वीरवार को गांव संडील में सीएम फ्लाइंग टीम ने एक निजी स्कूल पर छापा डाला। स्कूल बिना मान्यता के चल रहा था और 241 बच्चों का दाखिला मिला, इसमें से 195 बच्चे हाजिर थे।
प्रदेश सरकार ने गैर मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों को बंद करवाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिए थे। इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से ऐसे स्कूलों को नोटिस दिए थे, लेकिन नोटिसों का स्कूलों पर कोई असर नहीं पड़ा। संडील में मित्तल पब्लिक स्कूल भी आदेशों की अवेहलनाक कर संचालित किया जा रहा था।
इस मामले की जानकारी सीएम फ्लाइंग टीम को लगी। खंड शिक्षा अधिकारी के साथ संयुक्त टीम बनाकर वीरवार को स्कूल में दस्तक दी तो फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। एसआई बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में बनाई गई टीम में एसआई सतपाल, बीईओ पुष्पा रानी, कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र सिंह शामिल थे।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2018 से गांव का ही अशोक कुमार स्कूल चला रहा है। भवन के मालिक दिल्ली रहते हैं और उनका स्कूल से कोई वास्ता नहीं है।
संडील गांव में मित्तल पब्लिक स्कूल के नाम से अवैध रूप से स्कूल चलाए जाने की शिकायत मिली थी। जांच में पाया गया कि स्कूल का जो रजिस्ट्रेशन नंबर है, वह गलत है। स्कूल के पास किसी प्रकार की कोई मान्यता नहीं है। रिकॉर्ड में 241 बच्चों ने दाखिला ले रखा है और 195 बच्चे हाजिर है। स्कूल में 11 शिक्षक हैं। कुछ बच्चों के लिए बेंच है जबकि अधिकांश बच्चे नीचे बैठते हैं।
विजेंद्र सिंह, सदस्य, सीएम फ्लाइंग टीम
-
स्कूल को तीन नोटिस दिए जा चुके थे, मगर जवाब नहीं दिया गया। सीएम फ्लाइंग की टीम ने शिक्षा विभाग को इस बारे में कार्रवाई करने को कहा है। स्कूल में जो शिक्षक है वह भी किसी मापदंड पर खरे नहीं उतर रहे हैं। विभाग की ओर से रिपोर्ट बनाकर निदेशालय को भेजे जाएगी।
पुष्पा रानी, खंड शिक्षा अधिकारी, उचाना