जींद। निपुण गतिविधियों को और प्रभावशाली बनाने के लिए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र के नेतृत्व में खंड जींद, जुलाना व अलेवा के क्लस्टर हेड की बैठक खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय जींद में हुई। डॉ. सुभाष चंद्र ने कहा कि सभी क्लस्टर हेड अपने अधीन सभी प्राथमिक विद्यालयों में बेस्ट प्रैक्टिस स्कूल वाइज व क्लास वाइज की जानकारी तैयार रखें। सभी शिक्षक अपने कक्षा कक्ष में प्रिंट रिच व रिकॉर्ड पूरी तरह से तैयार रखें व हर विजिट में इनका अवलोकन किया जाए।
सभी सीआरसी अपनी निर्धारित एफएलएन विजिट उपरांत अवलोकन रिपोर्ट को विजिट रजिस्टर में जरूर दर्ज करें। सभी सीआरसी एक ऐसे विद्यालय को गोद लेंगे जो सिंगल टीचर विद्यालय हो या निम्न अधिगम स्तर का हो। कमजोर बच्चों के लिए विशेष योजना बनाई जाए, ताकि उन बच्चों को भी मुख्यधारा से जोड़ा जा सकें। सभी सीआरसी अपनी विजिट में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरते। एफएलएन जिला समन्वयक राजेश वशिष्ठ ने कहा कि जिले के सभी सातों खंडों के सीआरसी के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी को एफएलएन गतिविधियों से अवगत करवाया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी सीआरसी को एफ एलएन से संबंधित समस्या नहीं आए।
राजेश वशिष्ठ ने कहा कि सभी क्लस्टर हेड व शिक्षक एफएलएन सोशल मीडिया, व्हाट्सएप व फेसबुक पेज से जुड़ें, ताकि समय-समय पर एफएलएन गतिविधियों से अवगत होते रहे। खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र हुड्डा ने अपने खंड में एफएलएन गतिविधियों को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए तैयार की गई रणनीति से अवगत करवाया। इस अवसर पर ब्लॉक कॉर्डिनेटर अमनदीप, बलराज, राममेहर व अशोक भी मौजूद रहे।