नागरिक अस्पताल में सफाई व्यवस्था चरमराने के कारण अब स्वास्थ्य कर्मचारियों ने भी काम करने से हाथ खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की तालमेल कमेटी ने सिविल सर्जन डॉ. शशि प्रभा से मुलाकात करके सफाई नहीं होने पर शनिवार से काम बंद करने का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से उठ रही बदबू के कारण काम नहीं हो रहा। यदि 27 जुलाई को सफाई नहीं हुई तो वे काम नहीं करेंगे। सिविल सर्जन ने शनिवार को सफाई करवाने का आश्वासन दिया है।
जानकारी के लिए पिछले एक महीने से अनुबंधित का टेंडर नहीं होने के कारण इस पॉलिसी के तहत काम कर रहे 186 कर्मचारियों ने काम करना बंद कर दिया था। इन 186 कर्मचारियों में स्वीपर, हेल्पर, सिक्योरिटी गार्ड, कंप्यूटर ऑपरेटर व बिजली कर्मचारी शामिल हैं। इनके काम नहीं करने से नागरिक अस्पताल में सफाई का बुरा हाल हो चुका है। बिजली व्यवस्था भी सुचारु नहीं चल रही। सफाई नहीं होने से अस्पताल में हर तरफ बदबू फैली हुई है। एक महीने से अस्पताल में सफाई नहीं होने के कारण कर्मचारी परेशान हो रहे हैं। हर तरफ से बदबू आ रही है। नागरिक अस्पताल में एक भी शौचालय ऐसा नहीं है, जो इस्तेमाल करने लायक बचा हो। सबसे ज्यादा बुरा हाल गायनी वार्ड का है। यहां कर्मचारी घुसने से भी डरने लगे हैं।
अस्पताल की हालत यह हो चुकी है कि अब यहां मरीज ठीक होने के बजाय बीमार होने लगे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की तालमेल कमेटी ने सिविल सर्जन से मुलाकात की। कर्मचारियों ने कहा कि उनका अस्पताल में काम करना मुश्किल हो रहा है। उन्हें खुद बीमार होने का भय सताने लगा है। तालमेल कमेटी के संयोजक बलबीर श्योराण, ओमपाल ढांडा, सुनीता दूहन, शारदा स्टाफ नर्स प्रधान, सतीश देशवाल, सुखविंदर ने कहा कि अस्पताल में गंदगी के कारण बुरा हाल है। ऐसी स्थिति में वे काम नहीं कर सकते। शनिवार तक यदि अस्पताल में सफाई नहीं हुई तो वह काम करना बंद कर देंगे।
शनिवार को करवाई जाएगी सफाई
अनुबंधित ठेके की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शनिवार से अनुबंधित कर्मचारी काम करना शुरू कर देंगे और सफाई करवाई जाएगी। एक-दो दिन में पूरे अस्पताल की सफाई हो जाएगी। किसी को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
नागरिक अस्पताल में मयंक मैन पावर को मिला आउटसोर्सिंग का ठेका
नागरिक अस्पताल में पिछले एक महीने से अनुबंधित का टेंडर नहीं होने के कारण बिगड़ी व्यवस्था सोमवार से पटरी पर लौटनी शुरू होगा। नागरिक अस्पताल में सोनीपत की मयंक मैन पावर को अनुबंधित का टेंडर मिला है। शनिवार तक सभी प्रकार की कागजी कार्रवाई पूरी हो जाएगी और सोमवार से कर्मचारी अस्पताल में काम करना शुरू कर देंगे। अब तक नागरिक अस्पताल में 186 कर्मचारी अनुबंधित के तहत काम करते थे लेकिन इस बार से 225 कर्मचारी काम करना शुरू करेंगे। एक महीने की लंबी अवधि तक इन कर्मचारियों के काम नहीं करने के कारण अस्पताल में बुरा हाल हो चुका है। इसका खामियाजा मरीजों तथा उनके तीमारदारों को भुगतना पड़ रहा है। अब अनुबंधित का ठेका सोनीपत की मयंक मैन पावर को मिला है। सोमवार से कर्मचारी काम करना शुरू कर देंगे।