जींद। हाडवा गांव में आठ करोड़ 42 लाख 60 हजार रुपये के नकली नोट बरामद करने के मामले में सीआईए की टीम ने मंगलवार को मुख्य आरोपी सुनील की तलाश में पानीपत में कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वह पकड़ा नहीं जा सका। इस मामले में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है।
हाडवा गांव में रविवार देर रात को पुलिस ने आठ करोड़ 42 लाख 60 हजार रुपये के नकली नोट, रंगीन प्रिंटर, पेपर व कटर बरामद कर जयसिंह पुरा निवासी हरदीप, असंध निवासी भारतभूषण, झुडाना निवासी मसकीन को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा इस मामले में यह नोट तैयार कराने का काम करने वाले पानीपत के सुनील का नाम सामने आया था। इसमें इन चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पकड़े गए आरोपियों को अदालत के आदेश पर दो दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान सुनील के ठिकानों का पता लगाकर सीआईए की टीम मंगलवार को उसके ठिकानों पर पहुंची और वहां दबिश दी। सुनील के अलावा इस मामले में एक अन्य नाम भी सामने आया है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। आरोपियों ने रिमांड के दौरान बताया कि सुनील पहले भी किसी दूसरे व्यक्ति से नकली नोट बनवाकर बाहर सप्लाई करता था। इस मामले में डीएसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम ने मंगलवार को पानीपत में सुनील व उसके साथी की तलाश में दबिश दी है।