नरवाना। केएम राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही स्वच्छ पेयजल और चिल्ड आरओ सिस्टम की मांग आखिरकार पूरी हो गई। महाविद्यालय परिसर में चिल्ड आरओ सिस्टम स्थापित होने से छात्र-छात्राओं को गर्मी के मौसम में ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव सुखदेव उझाना ने कहा कि संगठन पिछले काफी समय से विद्यार्थियों की इस मांग को लेकर लगातार प्रयासरत था। महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपने, वार्ता करने और छात्रहित के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के बाद अब यह सुविधा विद्यार्थियों को मिल सकी है। उन्होंने कहा कि यह केवल आरओ सिस्टम की स्थापना नहीं, बल्कि छात्रशक्ति और सामूहिक प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।
एनएसयूआई नरवाना के हल्का प्रधान प्रवेश मलिक ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन हमेशा सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और इस मांग के पूरा होने से हजारों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं का आभार जताते हुए कहा कि उनकी एकजुटता और सहयोग के कारण ही यह मांग सफलतापूर्वक पूरी हो सकी।
सुखदेव उझाना ने महाविद्यालय की प्राचार्या, प्राध्यापकगण और कॉलेज प्रशासन का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से समझते हुए सकारात्मक कदम उठाया, जिसके लिए वह बधाई का पात्र है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाओं का विस्तार संभव है।
इस अवसर पर नसीब सुदकैन, अमित झील, दीपक झील, मनजीत हथो, निक्की, सोनू सूरबरा, आशीष काकड़ौद, मोनिका, पायल, पलक, खुशबू, ज्योति, नव्या, सिमरन, मुस्कान, मंजू, अंचल और काजल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।