26 जुलाना 01: देवरड़ रोड़ पर निकासी व्यवस्था की जांच करते कैप्टन योगेश बैरागी। संवाद
जुलाना। कस्बे में निकासी व्यवस्था को लेकर आ रही समस्याओं के समाधान के लिए हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी ने अधिकारियों की क्लास लगाई। उन्होंने कस्बे की अग्रसैन धर्मशाला के सामने कस्बे के लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर अधिकारियों को बुलाया गया।
उन्होंने निर्देश दिए कि लोगों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए गंभीरता से काम किया जाए। आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
कस्बे में निकासी व्यवस्था सुचारु नहीं होने के कारण लोगों और दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर पानी की निकासी बाधित होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है।
कैप्टन योगेश बैरागी ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निकासी व्यवस्था में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर किया जाए। जहां नालों की सफाई की जरूरत है, वहां सफाई करवाई जाए और पानी की निकासी के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी समाधान करने के बजाय समस्या का स्थायी हल निकालने की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास नीति के तहत काम कर रही है। निकासी व्यवस्था जुलाना की एक गंभीर समस्या है। निकासी व्यवस्था के समाधान में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी। इस मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के जेई पुनित, सुपरवाइजर अमित जागलान, नपा के उप प्रधान पवन सैनी, पार्षद राहुल, पार्षद संदीप आदि मौजूद रहे।