13जेएनडी18-शहर में एक सीएससी पर सीईटी के लिए आवेदन करने पहुंचे युवा। संवाद
जींद। हरियाणा कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के लिए आवेदन करने का समय शनिवार रात 11:59 बजे तक बढ़ा दिया गया है। इससे आवेदन करने वालों के पास शनिवार का ही दिन बचा है। शुक्रवार को आवेदन करने के लिए उम्मीदवार भारी संख्या में अटल सेवा केंद्रों पर पहुंचे, लेकिन ई मेल पर ओटीपी नहीं आने से वह परेशान नजर आए।
प्रदेश सरकार का सरल पोर्टल पिछले 15 दिनों से अटका हुआ है। इसके कारण युवक-युवतियों के जाति, परिवार पहचान पत्र, रिहायशी जैसे प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। सरल पोर्टल के ठप होने से युवा परेशान हैं। इस तकनीकी खामी के कारण सीईटी के लिए आवेदन करने वाले युवा अपने जाति प्रमाण पत्र नहीं बनवा पा रहे हैं, जिसके चलते वह सीईटी के लिए होने वाले आवेदन की शर्तों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
जब सीईटी के लिए आवेदन करते हैं तो आवेदक के मोबाइल नंबर और ई मेल पर ओटीपी नहीं आ रहे, जिससे आवेदन ऑनलाइन नहीं हो पा रहा है। इससे युवाओं में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। युवाओं का कहना है कि सरकार ने आवेदन की तारीख को तो बढ़ा दिया है, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते आवेदन करने में समय लग रहा है।
जिला के अटल सेवा केंद्रों पर रोजाना काफी संख्या में युवा अपने जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन सरल पोर्टल काम नहीं करने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। यह परेशानी पिछले 16 दिनों से आ रही है और यह ठीक से काम नहीं कर रहा है। बार-बार प्रयास करने के बावजूद प्रमाणपत्रों के लिए आवेदन नहीं हो पा रहे हैं और जो आवेदन हुए भी हैं, वे लंबित पड़े हैं।
पिछले कई दिनों से सरल पोर्टल नहीं चल रहा था। सीईटी के आवेदन की अंतिम तारीख 14 जून कर दी गई है। ऐसे में युवाओं को चाहिए कि वह समय रहते आवेदन करें।
-डॉ. आशीष, नगराधीश जींद